जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से सटे आसना क्षेत्र में मंगलवार की रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में सुरक्षा बल के जवान भरत भारती का निधन हो गया। नेशनल हाईवे 30 पर एक अज्ञात वाहन ने जगदलपुर की ओर जा रहे जवान की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब हादसे के कारणों और फरार वाहन चालक की तलाश में जुट गई है। वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में भरत भारती का चयन बस्तर फाइटर में हुआ था, जिसके बाद उनकी पदस्थापना डीआरजी दस्ते में की गई थी। इस दुखद हादसे के बाद पुलिस महकमे और उनके साथियों में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।