राइजिंग पाइप लाइन में इंटरकनेक्शन कार्य, 11 फरवरी को कई क्षेत्रों में बाधित रहेगी जलापूर्ति

भिलाई नगर निगम के रामनगर उच्चस्तरीय जलागार में पानी भरने के लिए मुख्य राइजिंग पाइप लाइन से इंटरकनेक्शन का काम किया जाना है। इस आवश्यक सुधार कार्य के चलते 11 फरवरी को शहर के कई हिस्सों में जलप्रदाय व्यवस्था प्रभावित रहेगी।

निगम के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि यह कार्य 10 फरवरी को सुबह 9 बजे से शुरू होगा। कार्य के दौरान 77 एमएलडी जलशोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) काम पूरा होने तक बंद रखा जाएगा। मुख्य सुधार कार्य के कारण 11 फरवरी को खुर्सीपार, छावनी, गौतम नगर और वैशाली नगर उच्च स्तरीय जलागार के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित रहेगी। नगर निगम प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए अपनी आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण पूर्व में ही कर लें।


खबर 2

भिलाई बचाओ अभियान: विधायक ने सेक्टर-4 में किया जनसंवाद, बीएसपी प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं पर हुई चर्चा

भिलाई बचाओ अभियान के अंतर्गत रविवार को सेक्टर-4 क्षेत्र में एक जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र यादव ने क्षेत्र की जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भिलाई की मूलभूत सुविधाओं, नागरिक अधिकारों और विकास से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना था।

जनसंवाद के दौरान स्थानीय निवासियों ने भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। लोगों ने सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे अहम मुद्दों पर अपनी बात कही। इसके अलावा, बीएसपी प्रबंधन की नीतियों के कारण रहवासियों को हो रही परेशानियों पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र निराकरण के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-3 के अध्यक्ष सौरव मिश्रा, सेक्टर-5 के पार्षद एकांश बंछोर, सेक्टर-4 के पार्षद राजेश चौधरी, सेक्टर-3 के पार्षद सुरेश वर्मा, इंटक महासचिव संजय साहू, राधिका नगर के पार्षद आदित्य सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-4 के अध्यक्ष सौरभ दत्ता और सुमित सिंह पवार सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *