सूरजपुर। जिले के रामनगर स्थित मोहरा एनिकट में रविवार को नहाते समय दो नाबालिग छात्र गहरे पानी में चले गए और डूब गए। सूचना मिलने पर डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और दोनों की तलाश शुरू की। हालांकि, देर शाम तक दोनों का कुछ पता नहीं चल सका, और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवनंदनपुर निवासी 12 वर्षीय आदिल अंसारी और जयनगर कुंजनगर निवासी 15 वर्षीय अयान सद्दाम रविवार दोपहर को दोस्तों के साथ मोहरा एनिकट घूमने गए थे। नहाने के दौरान आदिल और अयान गहरे पानी में चले गए और डूब गए। स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण रात को ऑपरेशन रोक दिया गया और क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से घेर लिया गया।
रविवार सुबह से दोबारा शुरू किए गए तलाश अभियान के लगभग तीन घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम ने दोनों नाबालिगों के शव बरामद कर लिए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि अयान सद्दाम कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा नौवीं का छात्र था, जबकि आदिल अंसारी अपने नाना-नानी के घर मनेंद्रगढ़ में रहकर मदरसे में पढ़ाई कर रहा था। वह शब-ए-बारात पर्व मनाने के लिए अपने माता-पिता के पास शिवनंदनपुर आया हुआ था।