रायपुर। देश के विभिन्न राज्यों में घूम-घूमकर करोड़ों की चोरी करने वाले शातिर नकबजन लोकेश श्रीवास को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर दिल्ली, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में ज्वेलरी शॉप सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बड़ी चोरियों के गंभीर आरोप हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी जेल से रिहा होने के अगले ही दिन रायपुर के सिविल लाइन और मौदहापारा क्षेत्र में वारदातों को अंजाम देकर फरार हो गया था।
घटना के अनुसार, पंडरी स्थित एक कपड़े की दुकान का छप्पर तोड़कर अज्ञात चोर ने गल्ले से 2.75 लाख रुपये पार कर दिए थे। उसी रात पास की एक फर्नीचर दुकान से 1.40 लाख और हार्डवेयर की दुकान से 2.85 लाख रुपये नगद चोरी हुए। तीनों दुकानों से कुल 7 लाख रुपये की चोरी की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज किया गया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण की मदद से आरोपी की पहचान की।
जांच में पता चला कि आरोपी लोकेश श्रीवास हाल ही में बिलासपुर जेल से छूटा था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने रायपुर सहित अन्य शहरों में एक दर्जन से अधिक चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 79,500 रुपये नगद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू अब तक देशभर में दो दर्जन से अधिक बड़ी चोरियां कर चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है।