कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक सड़क हादसे ने जन्मदिन के जश्न को मातम में बदल दिया। नेशनल हाईवे-30 पर हुए एक दर्दनाक हादसे में कार सवार दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में वह किशोर भी शामिल है, जिसका जन्मदिन मनाने के लिए सभी दोस्त निकले थे।
मिली जानकारी के अनुसार, वेदांत पटेल का जन्मदिन मनाने के लिए छह किशोर कार में सवार होकर निकले थे। सुबह करीब 4:30 बजे गोविंदपुर स्थित रामदेव टाइल्स के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सभी किशोर उसमें फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान जन्मदिन मना रहे वेदांत और उसके दोस्त युवराज ने दम तोड़ दिया। अन्य चार घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही, वाहन चालक के परिजनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है क्योंकि वाहन चलाने वाले सभी किशोर नाबालिग बताए जा रहे हैं।