शहडोल। जिले के धनपुरी क्षेत्र में मंगलवार को एक मानसिक रूप से कमजोर युवक ने पानी की टंकी पर चढ़कर करीब चार घंटे तक हंगामा किया। स्टेट अस्पताल के पीछे स्थित पानी की टंकी पर चढ़े युवक को नीचे उतारने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 3 निवासी मोहम्मद गोलू नामक युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है। परिजनों ने बताया कि हाल ही में उसने अपनी मां और भाई पर हमला करने का प्रयास किया था, जिसके बाद उसे बांधकर रखा गया था। मंगलवार को वह किसी तरह बंधन मुक्त होकर भाग निकला और सीधे पानी की टंकी पर जा चढ़ा। वहां से वह कभी पानी में कूदने तो कभी नीचे छलांग लगाने की धमकी देने लगा।
सूचना मिलते ही धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी देर तक युवक को समझाने और प्रलोभन देने का प्रयास किया, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका। गौरतलब है कि इससे पहले 17 जनवरी को भी यही युवक एक टावर पर चढ़ गया था, जिसे पुलिस ने सौ रुपये देकर नीचे उतारा था।
थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह अक्सर इस तरह की हरकतें कर प्रशासन को परेशान करता है। महज 18 दिनों के भीतर दूसरी बार इस तरह के ड्रामे से स्थानीय लोग और पुलिस विभाग चिंतित हैं।