धमतरी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अंतर्राज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों में चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान बोराई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने यात्री बस में तस्करी कर ले जाया जा रहा करीब 35 किलो गांजा जब्त कर दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 17,89,150 रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार 4 फरवरी की रात करीब 12:30 बजे बोराई चेक पोस्ट पर वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान कोरापुट (ओडिशा) से रायपुर जा रही नरेश ट्रेवल्स की बस क्रमांक सीजी 07 ई 4433 को रोककर जांच की गई। बस की लोवर बर्थ संख्या 23 और 24 पर बैठी दो महिलाएं संदिग्ध पाई गईं। संदेह होने पर जब उनके पास रखे तीन ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई, तो उनमें 8 बंडलों में भरा कुल 35 किलो 783 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मामले में फरीदकोट निवासी रेखा रानी और मथुरा निवासी कोमल चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना बोराई में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि जप्त माल के साथ दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।