केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ दौरा, नक्सल उन्मूलन की रणनीति पर होगी उच्चस्तरीय बैठक

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आगामी 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे शनिवार की रात रायपुर पहुंचेंगे और अगले दिन रविवार को राज्य में नक्सलवाद की वर्तमान स्थिति को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक के बाद वे बस्तर के लिए रवाना होंगे, जहां वे पंडुम महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब केंद्र सरकार द्वारा नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने के लिए तय की गई 31 मार्च 2026 की समयसीमा अब काफी नजदीक है। उल्लेखनीय है कि स्वयं केंद्रीय गृहमंत्री ने इस डेडलाइन की घोषणा की थी। वर्तमान में छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बल निरंतर बड़े अभियान चला रहे हैं। डेडलाइन में अब केवल दो महीने का समय शेष रहने के कारण इस दौरे को नक्सल विरोधी अभियानों की अंतिम दिशा और भावी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

इससे पूर्व अमित शाह 4 अक्टूबर 2025 को विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा महोत्सव में सम्मिलित होने के लिए छत्तीसगढ़ आए थे। इस बार उनके प्रवास के दौरान होने वाली सुरक्षा समीक्षा बैठक से बस्तर में चल रहे ऑपरेशनों को और गति मिलने की संभावना है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *