प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का आरोप, बिलासपुर में एफआईआर दर्ज

बिलासपुर। जिले में एक बार फिर कथित धर्मांतरण का मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र के सूर्या विहार इलाके में एक निजी मकान में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया गया है। हिंदू संगठन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रविवार को जेम्स सिंह के निजी आवास में करीब 16 लोगों को एकत्र कर प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। आरोप है कि इस दौरान प्रलोभन और भय दिखाकर हिंदू धर्म के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और सरकंडा थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बिना अनुमति निजी मकान को प्रार्थना भवन के रूप में संचालित किया जा रहा था। इस संबंध में बजरंग दल बिलासपुर के जिला संयोजक गौरव धनकर ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर सरकंडा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 299, 3(5) तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *