टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलेगा पाकिस्तान, भारत के खिलाफ मैच से बनाई दूरी

पाकिस्तानी सरकार ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को मंजूरी दे दी है, लेकिन इसके साथ एक अहम शर्त भी रखी गई है। सरकारी आदेश के अनुसार पाकिस्तान टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाला मुकाबला नहीं खेलेगी। यानी टूर्नामेंट में पाकिस्तान शामिल होगा, लेकिन भारत-पाकिस्तान मैच नहीं खेला जाएगा।

इस फैसले की घोषणा पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक एक्स अकाउंट के माध्यम से की गई। बयान में कहा गया कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप में खेलने की अनुमति दी गई है, हालांकि भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में भाग नहीं लिया जाएगा।

माना जा रहा है कि यह कदम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद पर दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा है। हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने आईसीसी पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा था कि संस्था भारतीय क्रिकेट बोर्ड के प्रभाव में काम कर रही है।

सूत्रों के अनुसार अब तक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से आईसीसी को इस संबंध में कोई लिखित सूचना नहीं दी गई है। आईसीसी की ओर से किसी भी कार्रवाई या निर्णय पर तभी विचार किया जाएगा, जब आधिकारिक रूप से जानकारी प्राप्त होगी।

यह घोषणा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और मोहसिन नकवी के बीच हुई बैठक के तुरंत बाद सामने आई। इससे पहले संकेत दिए गए थे कि पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर अंतिम फैसला जनवरी के अंत या फरवरी की शुरुआत में लिया जाएगा।

गौरतलब है कि पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में खेलने पर पुनर्विचार तब शुरू किया था, जब आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का फैसला किया था। इसके बाद शेड्यूल में बदलाव से इनकार करते हुए आईसीसी ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया।

इस फैसले से टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे चर्चित भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। फिलहाल इस पूरे मामले पर आईसीसी या बीसीसीआई की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *