बिलासपुर। शहर के जेके इंस्टीट्यूट पहुंचे छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने एक फरवरी को पेश होने वाले आम बजट को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में अब तक लगातार मजबूत और प्रभावी बजट पेश किए गए हैं और इस बार भी बजट जनहित में अहम साबित होगा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि यह बजट वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसमें छत्तीसगढ़ के लिए भी कई बड़ी घोषणाएं होंगी, जिससे राज्य के विकास को नई गति मिलेगी।
रेल बजट को लेकर भी अरुण साव ने आशावाद जताते हुए कहा कि प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने, नई ट्रेनों की शुरुआत और सुविधाओं के विस्तार की पूरी संभावना है, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।
वहीं भारत बंद के ऐलान पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री पहले ही स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं और अनावश्यक भ्रम फैलाने की जरूरत नहीं है। उनके बयान के बाद बजट को लेकर प्रदेश में उम्मीदें और बढ़ गई हैं।