कोरबा। कोरबा जिले में गुरुवार देर रात राताखार मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार दो ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात घंटों बाधित रहा। सूचना मिलते ही डायल 112 टीम और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग बहाल कराया।
स्थानीय लोगों के अनुसार एक ट्रेलर कुसमुंडा से कोरबा की ओर आ रहा था, जबकि दूसरा कोरबा से गेवरा की तरफ जा रहा था। तेज गति और लापरवाही के चलते यह आमने-सामने की टक्कर हुई। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने घायल चालक को बचाने में त्वरित मदद की, जिससे उसकी जान बच सकी। लोगों ने प्रशासन से रात के समय सड़क पर निगरानी बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती करने की मांग की है। पुलिस ने भी वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।