रायपुर। रायपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जेल के मुलाकाती कक्ष का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे एक युवती ने अपने कैदी प्रेमी से मुलाकात के दौरान बनाया है। वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और चेकिंग प्रक्रिया को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, जेल में बंद तारकेश्वर नामक कैदी का जन्मदिन था। इस अवसर पर उसकी महिला मित्र उससे मिलने सेंट्रल जेल पहुंची थी। वायरल वीडियो में युवती यह कहते हुए सुनाई दे रही है कि वह अपने साथी के जन्मदिन पर उससे मिलने आई है और उसे जेल में देखकर दुख हो रहा है। मुलाकाती कक्ष में दोनों के बीच हुई बातचीत और कैदी के रिएक्शन को युवती ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया और बाद में इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
नियमों के मुताबिक, जेल के मुलाकाती कक्ष में मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे में युवती द्वारा फोन अंदर ले जाने और बेखौफ होकर वीडियो बनाने की घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। चर्चा है कि कैदी तारकेश्वर एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल में निरुद्ध है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
इस पूरे मामले पर जेल अधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सवाल यह उठ रहा है कि कड़े सुरक्षा घेरे और तलाशी के बावजूद मोबाइल फोन अंदर कैसे पहुंचा। इस घटना के बाद जेल प्रबंधन द्वारा मुलाकाती नियमों की समीक्षा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।