भिलाई-चरोदा निगम की कार्रवाई, पदुमनगर में सड़क पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश

भिलाई तीन। नगर पालिका निगम भिलाई-चरोदा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 19 पदुमनगर में सड़क पर अतिक्रमण और अवैध कब्जों को लेकर निगम अधिकारियों ने कार्रवाई की। वार्डवासियों की शिकायत पर निगम आयुक्त डी. एस. राजपूत ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और 80 फीट चौड़ी सड़क को संकरा किए जाने के मामलों की जांच कराई।

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे बनी दुकानों की नाप-जोख की गई। मीना आर्य और जवाहर प्रसाद की शिकायत पर दुकान संचालक संतोष गिरी गोस्वामी द्वारा किए गए करीब 250 फीट अतिरिक्त निर्माण को हटाने के निर्देश दिए गए। सड़क पर निर्माण सामग्री रखने को लेकर आयुक्त और एक व्यक्ति के बीच बहस भी हुई, जिसके बाद तत्काल चलानी कार्रवाई के आदेश दिए गए।

सरकारी हैंडपंप पर कब्जा कर दुकान बनाने के मामले में संबंधित पक्ष को दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इस हैंडपंप से आसपास के कई घरों में पेयजल आपूर्ति होती थी। वहीं सड़क किनारे टीन शेड लगाने वाले अनिल परगनिहा को तत्काल हटाने और सतीश साकरे को अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान कार्यपालन अभियंता मेहर मरकाम, आरआई अरुणिमा दुबे और सरोजिनी यदु, सुपरवाइजर वासु पांडे, सहायक जल प्रभारी राजेश आचार्य सहित स्थानीय पार्षद मनीष वर्मा मौजूद रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *