विमान हादसे में शहीद पीएसओ विदिप जाधव का गांव में अंतिम संस्कार, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई विदाई

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप दिलीप जाधव का गुरुवार तड़के उनके पैतृक गांव तारडगांव में पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बुधवार को हुए विमान हादसे में उनकी मृत्यु हो गई थी। इस हादसे में अजित पवार सहित दो पायलट और एक फ्लाइट अटेंडेंट की भी जान गई।

विदिप जाधव मुंबई पुलिस के 2009 बैच के कांस्टेबल थे और स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट में तैनात थे। वह अजित पवार के साथ मुंबई से बारामती जा रहे थे, जहां एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होना था।

बताया गया कि बुधवार सुबह चार्टर्ड विमान बारामती एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सभी सवारों की मौके पर ही मौत हो गई। जाधव का पार्थिव शरीर बुधवार शाम करीब साढ़े आठ बजे गांव लाया गया, जहां देर रात उनका अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम संस्कार के दौरान लोनंद पुलिस थाने के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उनके छोटे बेटे ने पिता को मुखाग्नि दी, जिससे माहौल भावुक हो गया।

विदिप जाधव ठाणे के विटावा इलाके के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी और दोनों बच्चे बारामती पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा गया।

मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विदिप जाधव की असमय मृत्यु से मुंबई पुलिस ने एक कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित जवान खो दिया है। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *