मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद राज्य की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने का प्रस्ताव दिया जा सकता है। इसी सिलसिले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे और सुनील तटकरे ने सुनेत्रा पवार से मुलाकात की है।
चर्चा है कि सुनेत्रा पवार अपने पति की रिक्त हुई विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ सकती हैं। पार्टी के भीतर संगठनात्मक बदलावों को लेकर भी हलचल तेज है, जिसके तहत प्रफुल्ल पटेल को राकांपा का नया अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इन प्रस्तावों पर चर्चा के लिए पार्टी नेता जल्द ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात करेंगे। इस बैठक के दौरान राकांपा (एसपी) के विलय जैसे महत्वपूर्ण राजनीतिक विकल्पों पर भी विचार-विमर्श होने की संभावना है।