रायपुर। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे रात्रि गश्त को मुस्तैदी से करें और अपराधों को घटित होने से पहले ही रोकें। इसके तहत देर रात गश्त ड्यूटी के दौरान पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली) श्री दीपक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्त की।
गश्त के दौरान थाना सिविल लाइन क्षेत्र में अड्डेबाजी करने वाले और संदिग्ध रूप से घूम रहे कुल 23 व्यक्तियों को पकड़ा गया। इनमें से कुछ लोग चारपहिया और दोपहिया वाहनों में सवार थे, जिनके पास अवैध रूप से चाकू और तलवारें पाई गईं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 03 चाकू और 01 तलवार बरामद की है, और थाना सिविल लाइन में इस मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
साथ ही, रात 12:00 बजे से 03:00 बजे तक आजाद चौक क्षेत्र में मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त, बस स्टैंड, रजबंधा मैदान और बोरियाखुर्द कॉलोनी क्षेत्रों में भी गुण्डा बदमाशों, निगरानी बदमाशों और अपराधों में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की सघन चेकिंग की गई।