दुर्ग। स्मृतिनगर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधु को एसपी ने बुधवार को पद से हटाकर रक्षित केंद्र में स्थानांतरित कर दिया है। यह प्रशासनिक कार्रवाई तब हुई है, जब कुछ दिन पहले छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उनके आचरण की जांच कराने के निर्देश पुलिस महानिदेशक को दिए थे।
गुरविंदर सिंह पर हाल ही में दो व्यवसायियों के साथ मनमानी और गलत तरीके से कार्रवाई करने के गंभीर आरोप लगे थे। इन आरोपों के चलते ही यह फैसला लिया गया। उनकी जगह अब भिलाई भट्टी थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू को स्मृतिनगर चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने व्यवसायी सुजीत साव सहित चार लोगों की याचिका पर सुनवाई के दौरान उप निरीक्षक गुरविंदर सिंह संधु के आचरण पर सवाल उठाए थे। याचिका में आरोप था कि एक महिला से छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में सुजीत साव को गिरफ्तार किया गया। चौकी में लाकर उनसे मारपीट की गई, हथकड़ी लगाकर सड़कों पर जुलूस निकाला गया और रात 9 बजे जेल में दाखिल किया गया।
कोर्ट ने इस प्रकरण में पाया कि उप निरीक्षक ने गलत और अनुचित कार्रवाई की। इसके बाद अदालत ने डीजीपी को निर्देश दिए थे कि एसआई के आचरण की उच्च स्तर पर जांच कराई जाए। यदि जरूरी पाया जाए तो कानून के अनुसार सुधारात्मक और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। हाईकोर्ट के इन निर्देशों के बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संधु को चौकी से हटा दिया है।