रायपुर। राजधानी के नार्थ जोन में सूखे नशे के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। रायपुर कमिश्नरेट की टीम ने शहर के विभिन्न पान ठेलों और गुमटियों पर दबिश दी, जहां गांजा पीने के लिए इस्तेमाल होने वाले गोगो, चिलम और रोलिंग पेपर बेचे जा रहे थे। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में रोलिंग पेपर जब्त किए हैं, जिनकी बाजार में कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों ने कोटपा एक्ट के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए शैक्षणिक संस्थानों के आसपास और सार्वजनिक क्षेत्रों में स्थित 9 दुकानों को सील कर दिया है। पुलिस का कहना है कि ये दुकानें अवैध रूप से नशे से संबंधित सामग्री बेच रही थीं, जिससे युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही थी।
जांच के दौरान पुलिस को नशे की सामग्री की सप्लाई चेन और बैकवर्ड लिंकेज के महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पूछताछ में कुछ बड़े थोक विक्रेताओं और सप्लायरों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन मुख्य सप्लायरों की भूमिका की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही उन पर भी कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।