बस्तर पंडुम संभाग स्तरीय आयोजन: राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी उद्घाटन, समापन में शामिल होंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में आयोजित होने जा रहे बस्तर पंडुम संभाग स्तरीय महोत्सव को राष्ट्रीय स्तर की गरिमा मिलने जा रही है। 7 फरवरी को इस महोत्सव का शुभारंभ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी, जबकि समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मंगलवार को मुख्य सचिव विकास शील ने राज्य मंत्रालय महानदी भवन में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर राष्ट्रपति के प्रवास से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर कलेक्टर से ज़मीनी स्तर पर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। बैठक में जनसंपर्क सचिव डॉ. रोहित यादव, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, गृह सचिव नेहा चंपावत, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बस्तर पंडुम के अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। वे 7 फरवरी की रात रायपुर पहुंचेंगे। 8 फरवरी को रायपुर में नक्सलवाद को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और राज्य के गृह मंत्री विजय शर्मा शामिल होंगे। बैठक में नक्सल मोर्चे पर अब तक की कार्रवाई और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। नक्सलवाद पर समीक्षा बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बस्तर रवाना होंगे, जहां वे बस्तर पंडुम संभाग स्तरीय महोत्सव के समापन कार्यक्रम में भाग लेंगे।

इस संबंध में गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 7 फरवरी को बस्तर पंडुम का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी। 8 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रायपुर में नक्सलवाद को लेकर समीक्षा बैठक लेंगे और 9 फरवरी को वे बस्तर पंडुम के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे को लेकर पहले से ही एक रोडमैप तैयार किया जा चुका है और गृह मंत्री उसी रोडमैप की समीक्षा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *