मुंगेली : जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह का समापन यादगार रहा जब देशभक्ति गीतों पर कलेक्टर कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, वन मंडल अधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मुख्य अतिथि विधायक पुन्नूलाल मोहले के साथ स्कूली बच्चों संग थिरके।
पुरस्कार वितरण के बाद जैसे ही जलवा तेरा जलवा, रंग दे बसंती चोला और ये देश है वीर जवानों का जैसे गीत बजे वैसे ही विधायक मोहले ने अधिकारियों के साथ कदमताल कर देशप्रेम और एकता का संदेश दिया। पूरा स्टेडियम भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा।
समारोह में मुख्य अतिथि विधायक पुन्नूलाल मोहले ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश पढ़ा तथा शासन की उपलब्धियों, योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी। विधायक ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली और जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि ने कलेक्टर कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के साथ तिरंगे रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़े। परेड कमांडर ख्रीष्ट नरगिस तिग्गा बघेल और उप कमांडर कार्तिकेश्वर जांगड़े के नेतृत्व में प्लाटून दलों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया।
समारोह में विधायक मोहले ने जिले के वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
गणतंत्र दिवस पर जिले के 10 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। मलखम्ब अकादमी के विद्यार्थियों ने आकर्षक मलखम्ब प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, वन, यातायात पुलिस, नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं पर आधारित झांकियां निकाली गईं। झांकी प्रतियोगिता में स्वास्थ्य विभाग प्रथम, पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग द्वितीय तथा पुलिस विभाग तृतीय स्थान पर रहा।
समारोह में शासन की योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।