दलपत सागर में दीपोत्सव की भव्य छटा, एक साथ जले तीन लाख दीये

जगदलपुर। बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर रविवार शाम रोशनी से जगमगा उठा। ऐतिहासिक दलपत सागर में आयोजित भव्य दीपोत्सव में एक साथ तीन लाख दीये प्रज्वलित किए गए। नगर निगम और जिला प्रशासन की पहल से पूरा शहर दीपावली जैसे माहौल में नजर आया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए।

‘वंदे मातरम’ और स्वच्छता की थीम पर आयोजन
इस वर्ष दीपोत्सव “एक दीया स्वच्छता के नाम और एक दीया वंदे मातरम के नाम” थीम पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रानी घाट पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव और महापौर संजय पांडे ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया। वंदे मातरम की 150वीं जयंती के अवसर पर सामूहिक गायन भी हुआ, जिससे वातावरण देशभक्ति से भर गया।

सौंदर्यीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये स्वीकृत
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दलपत सागर के संरक्षण और विकास के लिए जनता की पहल सराहनीय है। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत इसके सौंदर्यीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि परियोजना का टेंडर हो चुका है और जल्द ही काम शुरू होगा, जिससे दलपत सागर भविष्य में एक प्रमुख पर्यटन स्थल बनेगा।

आतिशबाजी से सजा आसमान
दीपों की रोशनी के बीच दलपत सागर के तट पर आकर्षक आतिशबाजी भी हुई। लगातार पांचवें वर्ष आयोजित इस आयोजन में हजारों की संख्या में नागरिक शामिल हुए। लोगों ने दीप प्रज्वलन के साथ परिसर को स्वच्छ रखने का संकल्प भी लिया।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *