रायपुर। राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में बीती रात दो पक्षों के बीच आपसी विवाद के बाद झड़प और मारपीट की घटना हुई। विवाद के दौरान एक पक्ष ने धारदार हथियार से हमला किया जिसमें पीड़ित पक्ष के चार युवक घायल हो गए।
घायलों में अफताब उर्फ आवेश, वसीम, सोहेल उर्फ समर और आयान शामिल हैं। मौदहापारा थाना प्रभारी मुकेश शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों में विवाद बढ़ने के बाद मारपीट हुई। घटना के बाद थाने में दोनों पक्षों के बीच काफी बहस और तनातनी की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। चारों घायल युवकों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।