रायपुर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। टीम इंडिया इस मैच में एक बड़े बदलाव के साथ उतर सकती है।
पहले टी20 में चोटिल हुए अक्षर पटेल के खेलने पर संशय है। नागपुर में खेले गए पहले मैच के 16वें ओवर में डेरिल मिचेल के शॉट को रोकने की कोशिश में उनकी उंगली में चोट लगी थी और खून निकलने लगा था। वे ओवर पूरा किए बिना मैदान से बाहर चले गए थे। बची हुई गेंदें अभिषेक शर्मा ने डाली थीं।
आगामी टी20 विश्व कप को देखते हुए टीम मैनेजमेंट अक्षर पटेल के साथ कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगा। ऐसे में उनकी जगह चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव को प्लेइंग 11 में शामिल किया जा सकता है। कुलदीप यादव एक मैच विनर गेंदबाज हैं जो एक ही टप्पे से गेंद को दोनों तरफ घुमा सकते हैं। बल्लेबाजों के लिए उन्हें पढ़ना मुश्किल होता है। टी20 करियर में उन्होंने 50 मैचों में 90 विकेट लिए हैं और इकॉनमी 6.82 की शानदार रही है। प्लेइंग 11 में आने पर वे नंबर 8 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं।
टीम में अन्य बड़े बदलाव की संभावना कम है क्योंकि पिछले मैच में सभी खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया था। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन पारी की शुरुआत करेंगे। नंबर तीन पर ईशान किशन, चार पर कप्तान सूर्यकुमार यादव और पांच पर हार्दिक पांड्या रहेंगे। छह पर शिवम दुबे और सात पर रिंकू सिंह खेल सकते हैं।
भारत की संभावित प्लेइंग 11
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग 11
मिचेल सैंटनर (कप्तान), टिम रॉबिन्सन, डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जैमिसन, ईश सोढ़ी, जैकब डफी।