बसंत पंचमी पर संगम में चौथा पवित्र स्नान, एक करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

प्रयागराज। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर संगम तट पर चौथा पवित्र स्नान पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ जारी है। सुबह से ही संगम के सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।

मेला प्रशासन ने चौथे स्नान पर्व को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। मेला क्षेत्र में साढ़े तीन किलोमीटर लंबे स्नान घाट बनाए गए हैं। प्रशासन के अनुसार, आज करीब एक करोड़ श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान कर सकते हैं।

सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बसंत पंचमी के अवसर पर पवित्र स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि नवप्रभात, नवसृजन और नवचेतना के उत्सव बसंत पंचमी पर मां शारदा से सभी के जीवन में प्रकाश, प्रज्ञा और पवित्र प्रेरणा के संचार की कामना की है। साथ ही संगम में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करने वाले श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई दी।

गौरतलब है कि प्रयागराज में माघ मेले की शुरुआत पौष पूर्णिमा स्नान के साथ 3 जनवरी को संगम तट पर हुई थी। कल्पवास के दौरान श्रद्धालु संगम में स्नान कर माघ मेले में सहभागिता कर रहे हैं। देश-विदेश से बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा तड़के से ही आस्था की डुबकी लगाने संगम पहुंच रहे हैं।

त्रिवेणी संगम आरती सेवा समिति के अध्यक्ष ने बताया कि माघ मेले में पांच लाख से अधिक कल्पवासी कल्पवास कर रहे हैं। कल्पवास के दौरान वे दिन में दो बार गंगा स्नान करते हैं, एक समय भोजन ग्रहण करते हैं और शेष समय अपने आराध्य की पूजा और ध्यान में बिताते हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *