रायपुर रिंग रोड पर भीषण हादसा: कंटेनर ने डंपर को पीछे से टक्कर मारी, दोनों वाहन पलटे

रायपुर। राजधानी रायपुर के रिंग रोड नंबर-01 पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। मैग्नेटो मॉल के सामने तेज रफ्तार कंटेनर ने डंपर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भारी वाहन सड़क के बीचों-बीच पलटकर खड़े हो गए। इससे काफी देर तक यातायात बाधित रहा। यह घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा देर रात उस समय हुआ जब रिंग रोड पर ट्रैफिक कम था। डंपर सामान्य गति से जा रहा था तभी पीछे से आ रहे कंटेनर ने संतुलन खो दिया और सीधे डंपर से टकरा गया। टक्कर के बाद कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में कंटेनर चालक और क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य के साथ यातायात बहाल करने में जुट गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ना मुख्य वजह बताया जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *