महासमुंद में दो बड़ी चोरी–डकैती का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद:
जिले में हुई दो बड़ी चोरी और डकैती की वारदातों का महासमुंद पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 02 आरोपी अब भी फरार हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 93 लाख 33 हजार 104 रुपये कीमत के सोना-चांदी, वाहन और अन्य सामान बरामद किए हैं। पूरे मामले का खुलासा आईजी अमरेश मिश्रा ने किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि इन घटनाओं का मास्टरमाइंड हेमंत अग्रवाल उर्फ कान्हा है। उसने अपने ही रिश्तेदारों को निशाना बनाते हुए चोरी और डकैती की वारदातों को अंजाम दिलवाया। थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम बल्दीडीह में उसने अपने सगे चाचा के घर बड़ी चोरी करवाई। वहीं, ग्राम चरौदा (थाना छुरा, जिला गरियाबंद) में मई 2025 में अपनी सगी बहन के ससुराल में डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया।

थाना सांकरा में दर्ज अपराध क्रमांक 186/2025 की विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से अहम सूचना मिली, जिसके आधार पर शुभम साहू को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी और डकैती की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने मास्टरमाइंड कान्हा अग्रवाल समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी वारदात से पहले रेकी करते थे और पूरी योजना के साथ घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी किए गए जेवरातों को अलग-अलग ज्वेलरी दुकानों में खपाया जाता था।

गिरफ्तार आरोपी:

  • शुभम साहू, निवासी झलप, महासमुंद
  • हेमंत अग्रवाल उर्फ कान्हा, निवासी अनसुला, महासमुंद
  • रौनक उर्फ भूपेंद्र सिंह सलुजा, निवासी पिथौरा
  • योगेश कुमार साहू, निवासी सिमगा
  • दीपक चंद्रवंशी, निवासी कवर्धा

फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *