आदेश हवा में, सचिव अब तक काबिज!

ग्राम पंचायत चाचीडाड 2 में प्रभार को लेकर बड़ा प्रशासनिक सवाल

प्रतापपुर -जनपद पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत चाचीडाड 2 में पंचायत सचिव के प्रभार को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि 27 जुलाई 2025 को जारी प्रशासनिक आदेश के बाद भी संबंधित सचिव ने पंचायत का प्रभार आज तक नहीं छोड़ा। आदेश में स्पष्ट रूप से नए सचिव बागेश्वर प्रसाद को कार्यभार सौंपने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन लगभग एक वर्ष बीतने के बाद भी आदेश सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आ रहा है।
मामले ने अब पंचायत व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शासन के आदेश का पालन ही नहीं होगा तो फिर आदेश जारी करने का औचित्य क्या रह जाता है। पंचायत में योजनाओं से जुड़े रिकॉर्ड, वित्तीय दस्तावेज, विकास कार्यों की फाइलें, कैशबुक, बैंक संबंधी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख अब तक पूर्ण रूप से नए सचिव को हस्तांतरित नहीं किए गए हैं।
सूत्रों की मानें तो पंचायत में कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। शासन की योजनाओं के संचालन, दस्तावेज सत्यापन, भुगतान प्रक्रिया और प्रशासनिक निर्णयों में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि आदेश की लगातार अनदेखी के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।


जानकारों के अनुसार पंचायत सचिव का स्थानांतरण अथवा अतिरिक्त प्रभार समाप्त होने के बाद तत्काल प्रभाव से कार्यभार सौंपना अनिवार्य होता है। यदि कोई कर्मचारी आदेश का पालन नहीं करता तो यह सीधे तौर पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना मानी जाती है। ऐसे मामलों में कारण बताओ नोटिस, विभागीय जांच, वेतन रोकने से लेकर निलंबन तक की कार्रवाई का प्रावधान बताया जाता है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर किस संरक्षण में इतने लंबे समय तक आदेश लंबित पड़ा हुआ है। यदि नए सचिव को विधिवत प्रभार नहीं मिला तो पंचायत के दस्तावेजों और योजनाओं की जवाबदेही किसकी मानी जाएगी? पंचायत के संचालन का वास्तविक अधिकार किसके पास है?
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों, जिला पंचायत, कलेक्टर कार्यालय और मुख्यमंत्री जनदर्शन तक की जाएगी। वहीं पंचायत क्षेत्र में इस पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
अब निगाहें जनपद पंचायत प्रतापपुर और जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि आखिर इतने लंबे समय से लंबित इस प्रभार विवाद पर क्या कार्रवाई होती है और शासन के आदेश का पालन कब तक सुनिश्चित कराया जाता है।

इस संबंध में जनपद पंचायत प्रतापपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनिल कुमार तिवारी ने कहा कि ग्राम पंचायत चाचीडाड 2 में सचिव के अतिरिक्त प्रभार छोड़ने एवं नए सचिव को कार्यभार सौंपने का आदेश पूर्व में जारी किया जा चुका था। इसके बावजूद यदि आज तक प्रभार हस्तांतरित नहीं किया गया है, तो यह गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का मामला है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी तथा जांच में तथ्य सही पाए जाने पर संबंधित सचिव के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *