कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का आपत्तिजनक बयान, खूबसूरत लड़की दिखे तो रेप हो सकता है..

भोपाल। मध्य प्रदेश के भांडेर से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने बलात्कार को लेकर बेहद आपत्तिजनक और विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि खूबसूरत लड़की दिखने पर दिमाग विचलित हो सकता है और रेप हो सकता है, लेकिन एसटी, एससी, ओबीसी समाज में कोई खूबसूरत लड़की नहीं होती, फिर भी उनके साथ रेप होते हैं।

विधायक ने आगे कहा कि रेप कोई एक व्यक्ति नहीं कर सकता, बल्कि कम से कम चार-पांच लोग मिलकर करते हैं। इसी कारण चार महीने और दस महीने की बच्चियों तक के साथ रेप होते हैं। उन्होंने दावा किया कि ऐसा इसलिए होता है क्योंकि लोग सोचते हैं कि लड़की के साथ सहवास करने से उन्हें तीर्थ का फल मिलेगा।

फूल सिंह बरैया ने धर्मग्रंथों का हवाला देते हुए कहा कि जो लोग तीर्थ नहीं जा पाते, वे एससी महिलाओं के साथ सहवास करके तीर्थ का फल प्राप्त करते हैं। ऐसे लोग घर पर रहते हैं और रात के अंधेरे में शेड्यूल कास्ट की लड़कियों को पकड़कर उनके साथ सहवास करते हैं।

भाजपा ने इस बयान की कड़ी निंदा की है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जवाब मांगा है। भाजपा का कहना है कि यह बयान जुबानी फिसलन नहीं, बल्कि बीमार, विकृत और आपराधिक सोच का सार्वजनिक प्रदर्शन है। महिलाओं को खूबसूरती के आधार पर तौलना और एससी-एसटी समाज की महिलाओं के साथ बलात्कार जैसे जघन्य अपराध को तीर्थ फल से जोड़ना स्त्री-द्वेष, दलित-विरोध और मानवता पर हमला है।

भाजपा ने मांग की है कि कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया से तत्काल माफी मंगवाई जाए और उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाए। पार्टी ने कहा कि आज जब राहुल गांधी मध्य प्रदेश आ रहे हैं, तो देश जानना चाहता है कि क्या यही कांग्रेस की असली सोच है। जीतू पटवारी और उमंग सिंघार को भी चुप नहीं रहना चाहिए।

भाजपा ने जोर देकर कहा कि नारी देवी है, प्रयोग की वस्तु नहीं। महिलाओं का अपमान कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *