सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X में वैश्विक आउटेज: लाखों यूजर्स प्रभावित, भारत में भी दिक्कतें

रायपुर, 16 जनवरी 2026
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) शुक्रवार को एक बार फिर बड़े तकनीकी आउटेज का शिकार रहा। यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी समस्या है, जिससे दुनिया भर में लाखों यूजर्स प्रभावित हुए। कई यूजर्स को लॉगिन करने में कठिनाई हुई, जबकि कुछ को होम स्क्रीन पूरी तरह खाली दिखाई दी।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, डाउनडिटेक्टर पर अमेरिका में 62,000 से अधिक, यूनाइटेड किंगडम में 11,000 से अधिक तथा भारत में लगभग 3,000 यूजर्स ने प्लेटफॉर्म से जुड़ी समस्याओं की शिकायत दर्ज की। वैश्विक स्तर पर रिपोर्ट्स की संख्या लाखों तक पहुंच गई।

आउटेज की शुरुआत भारतीय समयानुसार शाम करीब 8:30 बजे के आसपास हुई। यूजर्स ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर लॉगिन करने पर फीड की जगह खाली स्क्रीन दिख रही थी, जिससे भ्रम और असंतोष फैला।

आउटेज का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। कंपनी की ओर से इस तकनीकी खराबी पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। रॉयटर्स ने बताया कि X से इस संबंध में टिप्पणी के लिए संपर्क किया गया, लेकिन तत्काल कोई जवाब नहीं मिला।

यह घटना X प्लेटफॉर्म की हालिया तकनीकी स्थिरता पर सवाल उठाती है। इससे पहले जनवरी में भी इसी तरह की समस्या सामने आई थी। यूजर्स अब सेवाओं के पूर्ण बहाली की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *