रायपुर, 12 जनवरी 2026: जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूल बसों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। इस क्रम में 9 और 10 जनवरी को दो दिवसीय विशेष जांच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें कुल 69 स्कूल बसों की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान बसों की तकनीकी फिटनेस, सुरक्षा मानकों और अन्य आवश्यक उपकरणों की विस्तृत पड़ताल की गई। जांच में 10 बसों में गंभीर खामियां पाई गईं, जिनमें अग्निशमन यंत्रों की वैधता समाप्त होना प्रमुख था।
खामियों के आधार पर संबंधित बस संचालकों पर तत्काल जुर्माना लगाया गया तथा उन्हें लिखित चेतावनी जारी की गई। सभी खामियों को दूर करने के लिए निश्चित समय-सीमा निर्धारित की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में खामियां दूर न होने पर अगली जांच में बसों के परमिट निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजते समय बस की सुरक्षा मानकों की जांच अवश्य करें तथा केवल सुरक्षित और मानकों पर खरी उतरने वाली बसों का ही चयन करें।
प्रशासन ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और यह अभियान निरंतर रूप से जारी रहेगा।