रायपुर: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में रात का तापमान बढ़ा, अगले 5-6 दिन राहत की संभावना

रायपुर। पश्चिमी विक्षोभ से आने वाली नमी के कारण छत्तीसगढ़ में अब दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटों में राज्य का न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक चढ़ा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले पांच से छह दिनों तक तापमान में वृद्धि जारी रह सकती है, हालांकि ठंड का असर अभी भी बना हुआ है।

शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री, माना में 12 डिग्री और रायपुर में 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी अवधि में दुर्ग का पारा 9.5 डिग्री तथा पेंड्रा का 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

जनवरी में अब तक पड़ रही कड़ाके की ठंड से कुछ दिनों के लिए राहत मिलने की संभावना बन गई है। राज्य में नमीयुक्त हवाओं के प्रभाव से उत्तरी और मध्य क्षेत्रों के शहरों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। रविवार को आसमान साफ रहने से दिन में धूप का असर महसूस हुआ और अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री तक चढ़ा।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सरगुजा जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान अभी भी पांच डिग्री से कम है, इसलिए ठंड पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, लेकिन ओस जमने वाली बर्फ और शीतलहर के प्रकोप से कुछ दिन राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद ठंड की वापसी की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

रायपुर में आज का मौसम
12 जनवरी को राजधानी रायपुर में सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *