रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र के पार्वती नगर में बच्चा चोरी के शक में स्थानीय लोगों ने एक महिला को पकड़ लिया तथा उसके साथ मारपीट की। घटना सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। महिला पर आरोप है कि वह मोहल्ले से एक बच्चे को उठाकर ले जाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन लोगों को शक होने पर उन्होंने महिला को घेर लिया।
जानकारी के अनुसार, बच्चा चोरी के संदेह में लोगों ने महिला को रंगे हाथों पकड़ने का दावा करते हुए उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वास्तव में बच्चा चोरी की कोशिश हुई थी या यह मात्र अफवाह थी। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।