नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से खतरे की आशंका के मद्देनजर उनकी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय को प्राप्त खुफिया इनपुट के बाद शुक्रवार देर रात भोपाल एवं दिल्ली स्थित उनके आवासों पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए गए।
भोपाल में 74 बंगला क्षेत्र स्थित बी-8 आवास के चारों ओर अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगाई गई है तथा पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। इसी प्रकार दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास पर भी सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए गए हैं।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि ISI केंद्रीय मंत्री के बारे में जानकारी एकत्र करने में रुचि दिखा रही है। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर उनकी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई तथा इसे और पुख्ता बनाया गया।
शिवराज सिंह चौहान को पहले से ही जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। नए इनपुट मिलने के बाद गृह मंत्रालय ने मध्य प्रदेश के डीजीपी, दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) तथा मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश जारी किए हैं।