रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जशपुर जिले को एक बड़ी सौगात मिली है। जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत पंडरा पाठ में अत्याधुनिक तीरंदाजी अकादमी के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एनटीपीसी लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के तहत 20.53 करोड़ रुपये का वित्तीय सहयोग स्वीकृत किया गया है।
इस तीरंदाजी अकादमी के निर्माण से जशपुर जिले के ग्रामीण और आदिवासी युवाओं को विश्व स्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण और उत्कृष्ट खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अकादमी में आउटडोर और वातानुकूलित इनडोर तीरंदाजी रेंज, हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर और छात्रावास जैसी सुविधाओं का निर्माण प्रस्तावित है। इससे युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें अंतर्राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता के तहत यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अकादमी के बनने से जशपुर न केवल प्रदेश बल्कि देश के प्रमुख तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र के रूप में उभरेगा।
इस घोषणा के बाद जशपुर जिले के युवाओं में उत्साह का माहौल है। स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।