कोरबा। बालको संयंत्र के ग्रीन एनोड प्लांट (जीएपी) में सोमवार देर शाम अचानक ब्लास्ट होने के बाद आग लग गई। हादसे में तीन कर्मचारियों के झुलसने की सूचना है। सभी घायलों को तत्काल बालको के विभागीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि घायल कर्मचारियों की सटीक संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, उन्हें केवल एक श्रमिक के घायल होने की सूचना दी गई है, जिसका नाम रविशंकर यादव है और वह बिहार का रहने वाला है। वहीं संयंत्र के अंदर मौजूद कर्मचारियों का कहना है कि आग लगने के दौरान तीन कर्मचारी प्रभावित हुए।
घटना शाम लगभग 6 बजे की है। ब्लास्ट होते ही संयंत्र परिसर में अफरा-तफरी मच गई और अन्य कर्मचारियों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और संयंत्र प्रबंधन ने जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही दुर्घटना के कारण और कुल प्रभावित कर्मचारियों की संख्या का खुलासा हो सकेगा।