बिलासपुर: पोल्ट्री फार्म संचालक की बेरहमी से हत्या, पत्थर बांधकर तालाब में फेंकी लाश

Basna Crime News :

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के घोरामार गांव निवासी पोल्ट्री फार्म संचालक धीरज साहू (25) की हत्या कर शव को पत्थर बांधकर तालाब में फेंक दिया गया। धीरज 30 नवंबर की रात खाना खाने के बाद फार्म के लिए निकला था और लापता हो गया था। रविवार को ग्रामीणों ने तालाब में शव देखा, जिसके बाद पुलिस ने उसे बाहर निकाला।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार धीरज के चेहरे, कान के पास और पीठ पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। पिटाई इतनी बेरहम थी कि उसकी पसलियां टूट गईं। शव के सीने और पीठ में गमछे से पत्थर बंधे हुए थे, जिससे लाश एक सप्ताह तक पानी में डूबी रही।

परिजनों ने 1 दिसंबर को कोटा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मोबाइल की तकनीकी जांच की तो लास्ट लोकेशन फार्म के पास मिला। जांच में प्रेम प्रसंग या अवैध संबंध से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि हत्या में परिचित लोग ही शामिल हो सकते हैं।

थाना प्रभारी तोपसिंह नवरंग ने बताया कि संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में धीरज के करीबियों और साथ घूमने वालों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामला दर्ज कर हत्यारों की तलाश जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *