छत्तीसगढ़। बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमावर्ती क्षेत्र में बुधवार से चल रही मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। लगभग 20 घंटे तक चले इस अभियान में 1 करोड़ 30 लाख रुपये के इनामी 18 नक्सलियों को मार गिराया गया। इस दौरान सुरक्षा बल के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि दो जवान घायल हुए हैं। घायलों का उपचार रायपुर में जारी है। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं, जिनमें AK-47, LMG, 303 रायफल और अन्य ऑटोमैटिक हथियार शामिल हैं।
अब तक मारे गए 18 नक्सलियों में से 16 की पहचान की जा चुकी है, जबकि दो शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। मारे गए नक्सलियों में 9 पुरुष और 9 महिला माओवादी शामिल हैं। सभी पर कुल मिलाकर 1 करोड़ 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसे हाल के वर्षों में सुरक्षा बलों की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है।
मुठभेड़ बुधवार सुबह लगभग 9 बजे शुरू हुई, जब DRG, STF, COBRA और CRPF की संयुक्त टीम बीजापुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर के वेस्ट बस्तर डिवीजन क्षेत्र में सर्चिंग कर रही थी। इसी दौरान नक्सलियों ने अचानक फायरिंग की, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। मुठभेड़ देर रात तक जारी रही और अंततः सुरक्षाबलों ने बड़ा अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया।