छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड, रायपुर का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री; बस्तर में हल्की बारिश की संभावना



रायपुर में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ गया है। माना में न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी रायपुर में यह 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रदेश में सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 8.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 30 नवंबर से आगामी दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि चक्रवाती तूफान दितवाह इस समय दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी श्रीलंका के ऊपर सक्रिय है। इसके रविवार सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश तटों के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में पहुंचने की संभावना है।

तूफान के अप्रत्यक्ष प्रभाव के चलते बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में आज बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की उम्मीद है। आगामी दो दिनों तक भी ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है।

रायपुर में आज के मौसम की बात करें तो आकाश साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *