रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के गृह विभाग ने प्रवर श्रेणी वेतनमान में कार्यरत 36 अधिकारियों को वरिष्ठ प्रवर श्रेणी वेतनमान में पदोन्नत करने की मंजूरी जारी कर दी है। यह निर्णय विभागीय छानबीन समिति की 18 नवंबर 2025 को हुई बैठक में की गई अनुशंसाओं के आधार पर लिया गया है।
शासन के आदेश क्रमांक एफ 2-15/दो-गृह/रापुसे/2025 के अनुसार चयनित अधिकारियों को उनके नाम के सामने दर्शाई गई तिथि से वरिष्ठ प्रवर श्रेणी वेतनमान का लाभ प्रदान किया जाएगा। इस वेतनमान में ₹37,400-67,000 तथा ग्रेड पे ₹8,700 (वेतन मैट्रिक्स लेवल-15) निर्धारित है।
जारी सूची के अनुसार दो अधिकारियों — ज्योति सिंह और रजत शर्मा — को 1 जनवरी 2024 से वरिष्ठ प्रवर श्रेणी वेतनमान का लाभ मिलेगा। अन्य 34 अधिकारियों को यह लाभ 1 जनवरी 2025 से प्रभावी होगा। सूची में राजस्व, पुलिस, प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हैं।
शासन के इस आदेश को विभागीय ढांचे में महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय माना जा रहा है, जिससे चयनित अधिकारियों के कार्य क्षेत्र और जिम्मेदारियों में व्यापक वृद्धि होने की संभावना है।