राजनांदगांव। कृषि उपज मंडी में धान की खरीदी-बिक्री का काम करने वाले संबलपुर निवासी रामखिलावन साहू (49) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव सिंघोला धान खरीदी केंद्र से कुछ ही दूरी पर पेड़ पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रामखिलावन साहू लंबे समय से मंडी परिसर में धान की खरीदी-बिक्री का काम कर रहे थे। मंगलवार सुबह लोगों ने उनका शव पेड़ पर लटका देखा, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही परिस्थितियों पर स्पष्टता आएगी। उधर, अचानक हुई इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। परिजन सदमे में हैं और लगातार रो-रोकर बेहाल हैं।