रायपुर। पिछले दस दिनों से कड़ाके की ठंड और शीतलहर की स्थिति झेल रहे छत्तीसगढ़ में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। हवा की दिशा बदलने से न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है, जिससे ठंड में कमी आ सकती है। बीते दिनों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और रायपुर का 13 डिग्री तक दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सप्ताहभर में पारा धीरे-धीरे बढ़ सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार ठंड का पहला दौर सामान्य से अधिक लंबा रहा और इसका असर लगातार दस दिनों तक दिखाई दिया। रायपुर सहित उत्तरी क्षेत्रों में रिकॉर्ड जैसी ठंड की स्थिति बनी रही। इस दौरान उत्तर दिशा से शुष्क और ठंडी हवाओं का सीधा प्रभाव पड़ा, जिससे तापमान लगातार गिरा।
अब हवा की दिशा पूर्व की ओर हो रही है, जिससे न्यूनतम तापमान में वृद्धि और ठंड में कमी आएगी। विभाग का अनुमान है कि सरगुजा सहित वे क्षेत्र, जहां शीतलहर के हालात बने हुए हैं, वहां भी राहत महसूस की जाएगी। पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे वहां ठंड का असर बरकरार रहा। कई स्थानों पर तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम रहा।
वर्तमान में दिन का तापमान प्रदेशभर में 27 से 30 डिग्री के बीच दर्ज हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में उत्तरी क्षेत्रों में शीतलहर की संभावना जताई है, जबकि अगले चार दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है। आज एक बार फिर मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।