रायपुर। राजधानी रायपुर में 25 अक्टूबर 2025 से शुरू होने वाले सूर्य उपासना के पवित्र पर्व छठ पूजा की तैयारियों के तहत नगर निगम ने महादेवघाट पर विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। यह अभियान महापौर मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर और आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन क्रमांक 8 के स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित किया जा रहा है।महादेवघाट छठ पूजा समिति के अनुरोध पर भक्तों की सुविधा और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया गया है।
जोन 8 के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर, माधव राव सप्रे वार्ड के पार्षद महेंद्र औसर, संत रविदास वार्ड के पार्षद अर्जुन यादव, जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और कार्यपालक अभियंता अतुल चोपड़ा के मार्गदर्शन में पोकलेन मशीन और विशेष सफाई टीम को तैनात किया गया है।सफाई अभियान की सतत निगरानी जोन 8 के स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन और स्वच्छता निरीक्षक रितेश झा द्वारा की जा रही है। अधिकारियों ने महादेवघाट को छठ पूजा से पहले सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य भक्तों के लिए पूजा-अर्चना हेतु हाइजेनिक और व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करना है।