रायपुर। भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला है। व्यापारी हेमंत चंद्राकर से जुड़ी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल का हर मुद्दे पर एजेंसियों पर टिप्पणी करना अब उनकी आदत बन चुकी है। वे खुद को राजनीतिक नेता बताते हैं, लेकिन अब उनके पास जनता से जुड़े मुद्दे नहीं बचे हैं।
अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस अब जनहित से पूरी तरह दूर हो चुकी है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि राहुल गांधी को निर्दोष दिखाने के लिए कांग्रेस हर बार किसी और को जिम्मेदार ठहराती है। गांधी परिवार को हार का कारण मानना कांग्रेसियों के लिए सबसे बड़ा अपराध बन गया है।
संगठन सृजन अभियान पर चुटकी लेते हुए चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस में अब न कार्यकर्ता बचे हैं, न नेतृत्व। पार्टी में जितने लोग हैं, सभी पद के दावेदार हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति अब इतनी खराब है कि उसकी अंत्येष्टि के लिए भी लोग तैयार बैठे हैं।
बिहार चुनाव में भूपेश बघेल की भूमिका पर उन्होंने सवाल उठाया कि उन्हें ऑब्जर्वर बनाया जाए या नेता, असली सवाल यह है कि कांग्रेस वहां कितनी सीटें जीत पाएगी। भाजपा नेताओं की तरह वे भी अगर ड्यूटी पर जाते हैं तो परिणाम भी दिखाना चाहिए।
एनएसयूआई के विरोध प्रदर्शन पर भी उन्होंने टिप्पणी की। कहा कि लगता है अब एनएसयूआई के पास पढ़ाई या छात्र हितों के मुद्दे नहीं बचे। उन्होंने गृहमंत्री से अपील की कि छात्रों पर किसी तरह की सख्त कार्रवाई न की जाए।