कुरुक्षेत्र: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री
नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में आयोजित भव्य साइक्लोथॉन का नेतृत्व किया। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों, स्कूली छात्रों और खेल प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी।
मुख्यमंत्री सैनी ने इस मौके पर हरियाणा को “खेलों का पावर हाउस” बताते हुए कहा कि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
साइक्लोथॉन के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने खेलों को जीवनशैली का अहम हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “आज का यह आयोजन केवल एक घंटे के लिए है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम सिर्फ आज के दिन ही खेलें। हमें हर दिन एक घंटा खेलों को देना चाहिए ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया – हिट इंडिया’ अभियान को सफल बनाया जा सके।”
धर्म सरोवर से शुरू होकर केडीबी रोड होते हुए द्रोणाचार्य स्टेडियम तक पहुंची इस साइक्लोथॉन में सैकड़ों खिलाड़ियों और स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने स्वयं साइकिल चलाकर फिटनेस का संदेश दिया और श्रमदान कर स्वच्छता का आह्वान भी किया।
सैनी ने युवा खिलाड़ियों से मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेने और नशे व गलत रास्तों से दूर रहकर खेलों में करियर बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने में कोई कमी नहीं छोड़ रही है और इसका परिणाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साफ दिखाई दे रहा है।