Balodabazar ED IT Raid : रसूखदार कारोबारी के ठिकानों पर अचानक पड़ी रेड, मचा हड़कंप

अरविंद मिश्रा, बलौदा बाजार। जिले के गौरव पथ इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आधी रात को आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय की टीमों ने एक बड़े कारोबारी के घर और कारखाने पर एक साथ छापा मार दिया। यह कार्रवाई कल रात से लगातार जारी है और अंदर जांच का दौर चल रहा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह छापा पीतल के सामान का कारोबार करने वाले राजकुमार सराफ के ठिकानों पर मारा गया है। बताया जा रहा है कि कारोबारी का एक बेटा पहले शराब के कारोबार से भी जुड़ा हुआ था। इस पूरी कार्रवाई को वित्तीय गड़बड़ियों और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों से जोड़कर देखा जा रहा है।

जांच अधिकारियों की टीम घर के अंदर मौजूद है और दस्तावेजों की बारीकी से छानबीन कर रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर स्थानीय पुलिस बल भी तैनात किया गया है। अब तक अधिकारियों की तरफ से आधिकारिक तौर पर कोई बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

कारोबारी परिवार का रसूख काफी बड़ा माना जाता है और उनके संबंध क्षेत्र के कई बड़े राजनीतिक और जनप्रतिनिधियों से बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कारोबारी के कई अन्य ठिकानों पर भी एक साथ जांच एजेंसियां कार्रवाई कर रही हैं। फिलहाल पूरे इलाके में इस बात की चर्चा है कि इस छापेमारी से और क्या नई जानकारियां सामने आती हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *