पटना। बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा के मामले में जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई के बाद राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया है।
इस गिरफ्तारी का कड़ा विरोध करते हुए बांकीपुर उपचुनाव की प्रत्याशी रहीं वीणा मानवी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सरकार और पुलिस लगातार उनकी पार्टी के नेताओं को परेशान करने का काम कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर अपने हक के लिए थोड़ा विरोध जताया जाए, तो इसमें गलत क्या है।
वीणा मानवी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि तेरह तारीख से ही उन्हें और उनके साथियों को लगातार तंग किया जा रहा है। नामांकन के दिन उन्हें रोका गया और अब तेजप्रताप यादव को इस तरह गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कोई बात थी, तो उसे मौके पर ही सुलझाया जाना चाहिए था, न कि इस तरह से परिवार के बीच से उठाया जाए।
पुलिस का पक्ष है कि तेजप्रताप पर बिहार बंद के दौरान समर्थकों को उकसाने, कानून अपने हाथ में लेने और हिंसक प्रदर्शन को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप है। शनिवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद उन्हें चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में बेउर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी के बाद से ही समर्थकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है और आने वाले दिनों में यह मामला तूल पकड़ सकता है।