Congress Workers FIR In Raipur Violence : रायपुर: राजधानी रायपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजीव भवन (कांग्रेस मुख्यालय) घेराव प्रदर्शन के दौरान हुई भीषण हिंसा और धक्का-मुक्की के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। खम्हारडीह थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश कुमार गौतम की शिकायत पर पुलिस ने 12 नामजद कांग्रेस नेताओं सहित कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, बल प्रयोग करने और उपद्रव फैलाने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस टीम पर पथराव और कांच की बोतलें फेंकने का आरोप
दर्ज प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, 22 जुलाई को भाजपा के प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए राजीव भवन के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यालय की ओर से कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए बैरिकेड्स की तरफ बढ़े। पुलिस द्वारा रोके जाने पर प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। आरोप है कि उपद्रव के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस टीम पर कांच की बोतलें, पत्थर, लकड़ी और जूते फेंके।
हमले में पीएसआई और महिला आरक्षक समेत कई जवान घायल
इस अचानक हुए हमले में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी और जवान चोटिल हो गए। उपद्रव के दौरान पीएसआई देवराज सिंह के सिर पर गंभीर चोट आई है, जबकि महिला आरक्षक सीमा बंजारे का हाथ घायल हो गया। इनके अलावा कई अन्य पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आई हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शनकारियों के इस कृत्य से शासकीय कार्य में भारी बाधा उत्पन्न हुई और शहर की कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई।
सुनील कुकरेजा और विनोद तिवारी समेत इन दिग्गजों पर दर्ज हुआ केस
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 132, 191 और 221 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। नामजद आरोपियों में प्रमुख रूप से कांग्रेस नेता सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खुबी डहरिया, सागर दुल्हानी, अजीज भिंसरा और अमित तिवारी शामिल हैं।
वीडियो फुटेज से हो रही अन्य आरोपियों की पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने घटनास्थल के सीसीटीवी, वीडियो फुटेज और तस्वीरों की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर अन्य उपद्रवियों को चिन्हित कर उनके नाम भी इस एफआईआर में जोड़े जाएंगे।