Amit Baghel Released From Jail : रायपुर: बलौदाबाजार उपद्रव और हिंसा मामले में पिछले कई महीनों से रायपुर सेंट्रल जेल में बंद छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रमुख अमित बघेल बुधवार को रिहा हो गए। सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई संभव हो सकी। जेल परिसर से बाहर निकलते ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
जेल से रिहाई के बाद अमित बघेल के समर्थकों ने सेंट्रल जेल परिसर से लेकर राजधानी के प्रमुख घड़ी चौक तक एक विशाल रैली निकाली। इस दौरान छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। गौरतलब है कि सर्वोच्च न्यायालय ने 17 जुलाई को उन्हें सशर्त जमानत प्रदान की थी, जिसके तहत उन्हें आगामी तीन महीनों तक रायपुर जिले की सीमाओं से बाहर रहना अनिवार्य होगा।
जानिए क्या है पूरा मामला यह पूरा विवाद 10 जून 2024 का है, जब बलौदाबाजार के दशहरा मैदान में जैतखाम में हुई तोड़फोड़ के विरोध में एक बड़ा प्रदर्शन बुलाया गया था। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के नेताओं ने मंच से भड़काऊ भाषण दिए, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई। उग्र भीड़ ने सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए कलेक्टोरेट और एसपी कार्यालय परिसर में भारी तोड़फोड़ की और दर्जनों गाड़ियों सहित कलेक्टोरेट भवन को आग के हवाले कर दिया था। इस हिंसक झड़प में ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मी और प्रशासनिक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए थे।