भारत में सेडान कारों की बिक्री जून 2026 में पिछले साल के मुकाबले बेहतर रही है। जून महीने में कुल 9 सेडान कारों की कुल 31183 यूनिट बिकीं, जो पिछले साल जून की 28335 यूनिट के मुकाबले करीब 10 फीसदी ज्यादा हैं। हालांकि, मई महीने की तुलना में बिक्री में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। अगर पूरे अप्रैल से जून की तिमाही की बात करें तो कुल 103456 सेडान कारें बिकीं, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले करीब 18 फीसदी अधिक हैं।
मारुति सुजुकी डिजायर ने इस महीने भी सबसे ज्यादा बिक्री का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। जून में इस कार की 17899 यूनिट बिकीं, जो पिछले साल के मुकाबले 15.6 फीसदी ज्यादा हैं। अकेले डिजायर की हिस्सेदारी कुल सेडान बिक्री में 57.4 फीसदी रही। हालांकि मई की तुलना में इसकी बिक्री कम हुई है, फिर भी यह अपने प्रतिद्वंदियों से काफी आगे है।

दूसरे नंबर पर हुंडई ऑरा रही, जिसकी 5977 यूनिट बिकीं। तीसरे नंबर पर होंडा अमेज़ रही, जिसकी 2937 यूनिट बिकीं। इन तीनों कारों ने मिलकर जून में बिकने वाली कुल सेडान कारों का लगभग 86 फीसदी हिस्सा अपने नाम किया है। मिड-साइज सेडान सेगमेंट में फॉक्सवैगन वर्टस और स्कोडा स्लाविया के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। वहीं होंडा सिटी, टाटा टिगोर, हुंडई वरना और टोयोटा कैमरी का प्रदर्शन मिला-जुला रहा।